हीरा, सोना, रूबी, मीना पहनती हैं डिप्टी CM दिया कुमारी; लेकिन इनके पास नहीं है घर, जमीन और कार

Rajasthan Deputy CM Diya Kumari: उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने अपने चुनावी हलफनामे में 19.19 करोड़ रुपये की कुल संपत्ति बताई है।

राजस्थान में नई सरकार गठित हो गई है। शुक्रवार को भजन लाल शर्मा ने राज्य के 26वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। उनके साथ उनकी कैबिनेट में शामिल दो उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी और डॉक्टर प्रेम चंद बैरवा ने भी शपथ ली।

तीनों में सबसे अमीर दिया कुमारी हैं, जिनके पास 19 करोड़ रुपये से ज्यादा की दौलत है। उप मुख्यमंत्री द्वारा दाखिल चुनावी हलफनामे से मिली जानकारी से पता चलता है कि वह महंगे गहनों की भी शौकीन हैं।

उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने अपने चुनावी हलफनामे में 19.19 करोड़ रुपये की कुल संपत्ति बताई है। दिलचस्प है कि करोड़ों की संपत्ति रखने वाली दिया के नाम पर कोई वाहन नहीं हैं।

उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने लंदन के पार्सन्स आर्ट एंड डिजाइन स्कूल से फाइन आर्ट्स डेकोरेटिव पेंटिंग में डिप्लोमा किया है। दिया की पूरी संपत्ति में सिर्फ चल संपत्ति ही है।

उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी की सालाना कमाई भी करोड़ों में है। दिया ने अपने चुनावी हलफनामे में बताया है कि 2022-23 में उनकी कमाई दो करोड़ से ज्यादा रही।

दिया के चुनावी हलफनामे में 2022-23 में कुल 2,88,31,100  रुपये की कमाई रही। हालांकि, उनकी कमाई 2021-22 के मुकाबले घटी है। 2021-22 में उन्होंने अपनी कुल कमाई 3,19,73,240 रुपये बताई थी।

उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी को गहनों का काफी शौक है। उन्होंने अपने चुनावी हलफनामे में कई गहनों का जिक्र किया है। उनके पास कुल 75 लाख से अधिक कीमत के गहने हैं।

इसके अलावा दिया ने 15.52 करोड़ रुपये बतौर बांड, डिवेंचर और शेयर जमा किए हुए हैं। इनमें से अकेले 28 म्युचुअल फंड हैं, जिनकी मौजूदा कीमत 14.28 करोड़ रुपये है। वहीं, 13.52 लाख रुपये बीमा प्रीमियम के रूप में जमा हैं।

Samsung के इन यूजर्स को सरकार ने किया अलर्ट, मंडरा रहा हैकिंग का खतरा